थाने से चंद कदम दूर घर के सामने से बाइक चोरी
चोलापुर। चोलापुर बाजार में बुधवार देर रात चोरों ने बेखौफ होकर थाने से कुछ ही दूरी पर एक बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। राजकुमार विश्वकर्मा की सुपर स्प्लेंडर बाइक उनके घर के सामने बने शेड में खड़ी थी, जिसे चोर उठा ले गए।
सुबह जब राजकुमार विश्वकर्मा नींद से जागे तो शेड में बाइक नहीं मिली। आसपास काफी खोजबीन करने के बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाने के इतने नजदीक हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।




