195वीं जयंती पर बालिकाओं ने दिखाई लेखन प्रतिभा
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। महिलाओं की शिक्षा, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाली महान शिक्षिका एवं समाजसेविका क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती के अवसर पर भंदहां कलां (कैथी) ग्राम स्थित आशा लाइब्रेरी में सावित्रीबाई फुले निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लाइब्रेरी से जुड़ी बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर संस्था के समन्वयक वल्लभाचार्य पाण्डेय ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में शिक्षा की अलख जगाई, जब बेटियों को पढ़ाना भी एक बड़ा संघर्ष था। उनका जीवन समाज को समानता, साहस और प्रगति का मार्ग दिखाता है तथा उनके विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सौरभ चन्द्र, साधना पाण्डेय, प्रदीप सिंह, सरोज और सनी का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से बालिकाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया गया।




