कौस्तुभ जयंती समारोह के तहत पं. ओंकार नाथ ठाकुर प्रेक्षागृह में आयोजन
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के संगीत एवं मंच कला संकाय अंतर्गत गायन एवं संगीतशास्त्र विभाग द्वारा कौस्तुभ जयंती समारोह 2024-25 के तहत बुधवार को पं. ओंकार नाथ ठाकुर प्रेक्षागृह में व्याख्यान-प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता आर्टिस्टिक डायरेक्टर एवं यूनिवर्सिटी ऑफ सैलफोर्ड से डॉक्टरेट ऑफ म्यूजिकल आर्ट्स प्राप्त प्रो. राकेश जोशी ने “पाश्चात्य एवं भारतीय कलात्मक अभिव्यक्तियों के मध्य विचारों का आदान-प्रदान” विषय पर विचार रखे। उन्होंने भारतीय और पाश्चात्य कला परंपराओं के पारस्परिक संबंधों तथा समकालीन संगीत में सांस्कृतिक संवाद की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संयोजन संकाय प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता पंडित ने किया। डॉ. रामशंकर कार्यक्रम के संयोजक सचिव तथा डॉ. शुभंकर डे सह-संयोजक सचिव रहे। इस अवसर पर पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. के. शशिकुमार, वाद्य संगीत विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश शाह और डॉ. ज्ञानेश चंद्र पांडेय सहित संकाय सदस्य, शोधार्थी व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को शैक्षणिक दृष्टि से उपयोगी बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन संगीत एवं मंच कला के क्षेत्र में अंतर-सांस्कृतिक समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



