फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर किया गया वायरल, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र में एक महिला की तस्वीरों और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि फेसबुक पर मौर्या सुरभि एवं दूबे सुरभि नाम से फर्जी प्रोफाइल आईडी बनाकर महिला की तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया। इन फर्जी अकाउंट्स से महिला के संबंध में असत्य एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। पोस्ट के बाद पीड़िता के मोबाइल नंबर पर अलग-अलग नंबरों से लगातार अभद्र कॉल आने लगे।
पीड़िता ने सोशल मीडिया पोस्ट एवं मोबाइल कॉल से संबंधित साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेगी।




