गाजीपुर से सीधा संपर्क होने से ग्रामीणों में खुशी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। भगवानपुर तेतारपुर को गाजीपुर से जोड़ने वाली गोमती नदी पर पीपा पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। पुल निर्माण की पहल के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या को गंभीरता से लेते हुए सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पत्र के माध्यम से गोमती नदी पर पीपा पुल निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया।
बताया जा रहा है कि पीपा पुल के निर्माण से भगवानपुर तेतारपुर, चौबेपुर क्षेत्र सहित आसपास के दर्जनों गांवों को गाजीपुर से सीधा संपर्क मिलेगा। इससे आवागमन सुगम होगा और किसानों, छात्रों व व्यापारियों को विशेष लाभ पहुंचेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल के अभाव में बरसात के मौसम में आवागमन बेहद कठिन हो जाता था। अब पीपा पुल बनने की संभावना से लोगों में उत्साह है और वे विधायक व मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर प्रधान राजू यादव, सत्येंद्र सिंह, राज बहादुर सिंह राणा, अंजनी सिंह, नथुनी सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।




