स्व. डॉ. श्यामल सिंह की पुण्य स्मृति में आयोजन, बीएचयू की विशेषज्ञ टीम रही मौजूद
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। स्व. डॉ. श्यामल सिंह की पुण्य स्मृति में रविवार को रघुवंश इंटर कॉलेज, धौरहरा में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्राम धौरहरा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ लिया। शिविर में बीएचयू हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां और परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि स्व. डॉ. श्यामल सिंह का जीवन समाज सेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा। उनकी स्मृति में इस प्रकार का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाना अत्यंत सराहनीय पहल है।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. अभिषेक पाठक, डॉ. अभिषेक अभिनव, डॉ. वैभव जयसवाल, डॉ. शिखा सचिन, डॉ. ललित अग्रवाल, डॉ. एम.पी. लाल, डॉ. रंजन भटनागर और डॉ. आर्यन मीना सहित अन्य प्रमुख चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में नवीन कंप्यूटर कक्ष का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में ई-लाइब्रेरी की भी घोषणा की गई, जिससे छात्रों को डिजिटल एवं ऑनलाइन अध्ययन सामग्री का लाभ मिल सकेगा।
कार्यक्रम में ग्रामीणों, विद्यालय परिवार एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही और आयोजन को समाजहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।




