ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मिले शव, एक युवक को बचाया गया; घाट पर मचा कोहराम
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव कुटी गंगा घाट पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान तीन दोस्त अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। स्नान के दौरान तीनों युवक गहराई में चले गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और नाविकों की तत्परता से रोहन (19) निवासी उदयपुर, थाना चोलापुर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना मिलते ही कैथी चौकी पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों के शव गंगा से बाहर निकाले।
मृतकों की पहचान गणपत (18) निवासी उदयपुर, थाना चोलापुर तथा कृष्ण (19) निवासी कानुपुर करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
मृतक गणपत के पिता विशुन ने बताया कि उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया था। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हो गया। उन्होंने स्थानीय लोगों और नाविकों के सहयोग से शव बाहर निकाले जाने की जानकारी दी और मामले में कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तीनों युवक स्नान के दौरान गहराई में चले गए थे। एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो की डूबने से मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





