परानापुर गांव की घटना, एक-दूसरे पर मारपीट व धमकी के आरोप; पुलिस जांच में जुटी
(रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय)
चौबेपुर (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के परानापुर गांव में बकरी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि रविवार शाम करीब 6 बजे उनकी बकरी फूला देवी के खेत में चली गई थी, जिसे फूला देवी ने बांध लिया। जब वह बकरी लेने पहुंचीं तो विपक्षी आशीष, दानिश व विजय ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष के विजय कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उनकी गेहूं की फसल को बकरी नुकसान पहुंचा रही थी, जिसे उनकी पत्नी फूला देवी ने बांध लिया था। इसी बात को लेकर अजय, बादल, सूरज व मुन्नी उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे फूला देवी व उनके पुत्र आशीष घायल हो गए।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।





