50 लीटर कच्ची शराब व उपकरणों के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ईंट भट्ठे के पास चल रहा था धंधा
चोलापुर (वाराणसी)। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चोलापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लीटर अवैध अपमिश्रित देसी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण एवं अन्य सामग्री भी बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चोलापुर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने 8 मई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे ग्राम महापुर स्थित ईंट भट्ठे के पास छापेमारी कर तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमावस पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम सोनकला थाना चोलापुर, राजकुमार पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम सोनकला थाना चोलापुर तथा सुशील उरांव पुत्र तेले उरांव निवासी ग्राम सलगी नवाटोली जिला लोहरदगा, झारखंड हाल पता ईंट भट्ठा महापुर थाना चोलापुर शामिल हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 50 लीटर अवैध अपमिश्रित देसी शराब, एक स्टील ड्रम, एल्यूमिनियम भगोना, प्लास्टिक ड्रम, खाली जरीकेन, डिब्बे, प्लास्टिक पाइप तथा लगभग 300 ग्राम यूरिया बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग अवैध शराब तैयार करने में किया जा रहा था।
इस संबंध में थाना चोलापुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रघुवर राम गौतम, उपनिरीक्षक चंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राजन लाल तथा कांस्टेबल आशीष सिंह, मंशचंद्र, संतोष कुमार और दिनेश कुमार सिंह शामिल रहे।




