जम्बूद्वीप श्रीलंका मंदिर में एक माह तक चलेगा प्रशिक्षण शिविर, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया उद्घाटन
(रिपोर्ट : विवेक राय)
वाराणसी। सारनाथ स्थित जम्बूद्वीप श्रीलंका मंदिर में बौद्धायन सोसाइटी संस्था द्वारा आयोजित एक माह की ग्रीष्मकालीन अभिनय कार्यशाला का शुक्रवार को भव्य शुभारम्भ हुआ। यह कार्यशाला 15 मई 2026 से 15 जून 2026 तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 6 बजे तक संचालित की जाएगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता जम्बूद्वीप श्रीलंका बुद्ध मंदिर के विहाराधिपति पूज्य भंते के. सिरी. सुमेध थेरो ने की।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि नाटक और रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के सम्यक विकास का प्रभावशाली उपकरण हैं। उन्होंने कहा कि सारनाथ जैसी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक भूमि पर अभिनय कार्यशाला का आयोजन युवा प्रतिभाओं के लिए नई दिशा तय करेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से सारनाथ में रंगमंच की सशक्त सांस्कृतिक पहचान स्थापित होगी, जो भविष्य में क्षेत्र के गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगी।
अध्यक्षीय संबोधन में पूज्य भंते के. सिरी. सुमेध थेरो ने कार्यशाला के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस प्रकार सारनाथ से भगवान बुद्ध का प्रथम उपदेश विश्वभर में प्रसारित हुआ, उसी प्रकार यह प्रथम अभिनय कार्यशाला भी समाज में सकारात्मक प्रभाव छोड़ेगी।
उन्होंने प्रतिभागियों को कला, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष प्रो. श्रद्धानंद ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संस्था की सचिव डॉ. मंजरी पाण्डेय ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। पूर्व डीआईजी डॉ. दयानिधि मिश्र ने आशीर्वचन प्रस्तुत किया।
नाट्य निर्देशक बालमुकुन्द त्रिपाठी ने कार्यशाला की रूपरेखा साझा करते हुए अभिनय की मूल अवधारणाओं पर विस्तार से चर्चा की। वहीं वरिष्ठ रंगकर्मी अविनाश पाण्डेय ने प्रतिभागियों को मंच पर आत्मविश्वास विकसित करने और भयमुक्त प्रस्तुति देने के गुर सिखाए।
कार्यशाला में छठी कक्षा के विद्यार्थियों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उद्घाटन दिवस पर 15 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया और अपना परिचय प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पार्षद अभय पाण्डेय, डॉ. अभय जैन, डॉ. भारत भूषण, अजय पाठक, शिवपूजन मौर्य, देवेन्द्र पाण्डेय, डॉ. लक्ष्मीकांत भारतीय, आर.एन. तिवारी, शशि श्रीवास्तव, योगेन्द्र सिन्हा, डॉ. दीपक, वीणा सहाय, प्रवीण श्रीवास्तव, मिथिलेश दुबे, संगीता श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं रंगकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. अभय जैन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




