तलाशी में ब्लेड, ब्लेड का डिब्बा और पेपर कटर बरामद, भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी की वारदातों को देता था अंजाम
रिपोर्ट : विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र में जेब काटने की कोशिश कर रहे एक शातिर जेबकतरे को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे दबोच लिया और पुलिस के पहुंचने से पहले उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही चिरईगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात चिरईगांव चौकी प्रभारी महेश मिश्रा अपनी टीम के साथ संदहा चौराहे पर गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक राहगीर की जेब काटते समय पकड़ा गया है और स्थानीय लोग उसका पीछा कर रहे हैं। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को सुरक्षित कब्जे में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोनू राजभर उर्फ बबी, निवासी रघुनाथपुर, थाना सारनाथ के रूप में बताई। उसकी तलाशी लेने पर पांच ब्लेड वाला डिब्बा, एक पेपर कटर तथा घटनास्थल से एक ब्लेड बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ब्लेड से जेब काटकर नकदी चोरी करता था। इसके अलावा महिलाओं के बैग की डोरी काटकर चोरी की घटनाओं को भी अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद सामान को जब्त कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 313 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




