आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने किया शुभारंभ, धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता का आधार बताया
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। पावन श्रावण मास के अवसर पर मारवाड़ी युवा फाउंडेशन अरिंदम द्वारा आयोजित चतुर्थ कांवड़ यात्रा रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुई। यात्रा का शुभारंभ प्रातःकाल गिरजाघर से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए बाबा बैजनत्था धाम, कमच्छा पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मारवाड़ी युवा फाउंडेशन अरिंदम द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने 651 कांवड़ों के पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक कर देश, प्रदेश और समाज के कल्याण की मंगलकामना की।
कार्यक्रम के समापन पर मारवाड़ी युवा फाउंडेशन अरिंदम के पदाधिकारियों ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासन, पुलिस विभाग, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी समाजहित एवं धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।




