वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चला विशेष अभियान; 68 गैर-जमानती वारंटी और 7 वांछित आरोपी दबोचे गए
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। जिले के 28 थानों की पुलिस टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए कुल 75 वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में 68 गैर-जमानती वारंटी (एनबीडब्ल्यू) तथा 7 वांछित अभियुक्त शामिल हैं। अभियान के दौरान शाहगंज थाना क्षेत्र से चार वांछित और दो वारंटी, जलालपुर थाना क्षेत्र से दो वांछित तथा सिकरारा थाना क्षेत्र से एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। वहीं केराकत थाना क्षेत्र से आठ, बक्सा से सात तथा खुटहन और मछलीशहर से पांच-पांच वारंटियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अन्य थानों में भी वारंटियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों के त्वरित अनुपालन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए यह विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वारंटी और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में और तेजी लाई जाए, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे तथा अपराधियों में पुलिस का प्रभाव और भय कायम रहे।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि किसी भी वारंटी या वांछित अभियुक्त को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




