सिगरा थाना पुलिस की कार्रवाई में सेल्समैन हिरासत में, नियमों के उल्लंघन की शिकायत पर पहुंची थी टीम
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में निर्धारित समय से पहले देशी शराब की बिक्री किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक देशी शराब की दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकान के सेल्समैन को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि संबंधित दुकान पर निर्धारित समय से पहले ही शराब की बिक्री शुरू कर दी जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर पुलिस ने मिर्जापुर जनपद के अदलहाट निवासी जितेंद्र कुमार गुप्ता, जो दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था, को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आबकारी नियमों के उल्लंघन के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय से पहले शराब की बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




