गलती से दूसरी बाइक लेकर चला गया व्यक्ति, खुद थाने पहुंचकर लौटाई गाड़ी
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी): समाधान दिवस के दौरान चौबेपुर थाने में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फरियादी की बाइक अचानक गायब हो गई। अजांव गांव निवासी सीमेंट व्यवसायी अनवर अली अपनी फरियाद लेकर थाने पहुंचे थे और अपनी होंडा साइन बाइक बाहर खड़ी कर दी थी।
समाधान दिवस समाप्त होने के बाद जब वह बाहर निकले, तो उनकी बाइक वहां से गायब मिली। इससे वे हतप्रभ रह गए और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को घटना की जानकारी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए चार पुलिसकर्मियों को लगाकर कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कराई। पुलिस कई घंटों तक बाइक की तलाश में जुटी रही।
इसी बीच मुरीदपुर गांव निवासी एक व्यक्ति बाइक लेकर खुद थाने पहुंच गया और अपनी गलती स्वीकार की। उसने बताया कि वह भी अपनी शिकायत लेकर थाने आया था और बाहर निकलते समय समान रंग की खड़ी बाइक को अपनी समझकर उसमें चाबी लगाई, जो लग गई, और वह उसे लेकर चला गया।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि यह घटना पूरी तरह से भूलवश हुई थी। संबंधित व्यक्ति स्वयं बाइक लेकर थाने पहुंचा, जिसके बाद वाहन को उसके वास्तविक स्वामी अनवर अली को सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और मामले का सुखद समाधान हो गया।




