पंचम जिला रैली-2026 के तहत हाइक एवं नेचर स्टडी कार्यक्रम; 125 प्रतिभागियों ने बौद्ध विहार का भ्रमण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संदेश
रिपोर्ट: विवेक राय
SHREE 7NEWS, वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ वाराणसी की पंचम जिला रैली-2026 के अंतर्गत 13 अगस्त को सारनाथ में हाइक एवं नेचर स्टडी कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश तथा जिला आयुक्त (स्काउट) अनुभव पाठक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 125 स्काउट्स एवं गाइड्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स ने सारनाथ स्थित बौद्ध विहार का भ्रमण किया। प्रतिभागियों को प्रकृति, पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न उपायों पर गोष्ठी आयोजित कर युवाओं को प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्काउट्स एवं गाइड्स ने बौद्ध विहार परिसर में सेवा एवं स्वच्छता अभियान चलाया। प्रतिभागियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
रैली में मऊ, भटनी, छपरा, गाजीपुर और वाराणसी से आए स्काउट्स एवं गाइड्स ने विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। हाइक और नेचर स्टडी के दौरान प्रतिभागियों ने प्रकृति को करीब से समझने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अनुभव किया।
पंचम जिला रैली-2026 का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना है। रैली के दौरान शैक्षिक, सांस्कृतिक, साहसिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से स्काउट्स एवं गाइड्स को यह संदेश दिया गया कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।




