राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने तीन वर्ष के लिए की नियुक्ति, 25 अगस्त को पूरा होगा प्रो. वंदना सिंह का कार्यकाल
रिपोर्ट : आनंद रत्न उपाध्याय
SHREE 7NEWS, गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के नए कुलपति के रूप में प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति की है।
कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. राकेश कुमार सिंह वर्तमान में इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। वे विश्वविद्यालय के 21वें कुलपति होंगे। वर्तमान कुलपति प्रो. वंदना सिंह का कार्यकाल 25 अगस्त को पूरा हो रहा है।
प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस अवसर पर पीजी कॉलेज, गाजीपुर के प्राचार्य एवं प्राचार्य परिषद के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने नवनियुक्त कुलपति को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रो. राकेश कुमार सिंह जैसे अनुभवी एवं योग्य शिक्षाविद् की नियुक्ति से विश्वविद्यालय के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय के साथ-साथ गाजीपुर जनपद के 380 महाविद्यालयों की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग मिलेगा।
महाविद्यालय परिवार की ओर से भी नवनियुक्त कुलपति के सफल कार्यकाल की कामना की गई। उप प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. सुजीत कुमार सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र, डॉ. अरविंद उपाध्याय, डॉ. अविनाश चंद्र राय, डॉ. अरुण कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, आशीष सिंह एवं प्रदीप सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों ने भी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




