संत रविदास की छवि वाला हस्तनिर्मित कालीन और गदा भेंटकर किया स्वागत, भदोही कारपेट मार्ट को नोएडा की तर्ज पर संचालित करने की मांग
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
भदोही। 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदर्शनी में लगे विभिन्न कालीन निर्यातकों एवं निर्माताओं के स्टॉलों का भ्रमण किया। उन्होंने भारतीय हस्तनिर्मित कालीनों की गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन, बुनाई और उत्कृष्ट शिल्पकला की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने ग्लोबल ओवरसीज के स्टॉल का भी दौरा किया। यहां प्रदर्शित हस्तनिर्मित कालीनों को उन्होंने देखा और उनकी बारीक कारीगरी की प्रशंसा की। इस दौरान ग्लोबल ओवरसीज के वरिष्ठ सदस्य एवं गोपीगंज नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन प्रहलाद दास गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें संत रविदास जी की छवि वाला विशेष हस्तनिर्मित कालीन एवं गदा भेंट की।
इस अवसर पर प्रहलाद दास गुप्ता के साथ उनके पुत्र संजय गुप्ता, बृजेश गुप्ता, संतोष गुप्ता एवं विक्रम जैन मौजूद रहे। संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री के समक्ष भदोही में निर्मित कारपेट मार्ट को शीघ्र पूर्ण क्षमता के साथ संचालित कराने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि भदोही में कारपेट मार्ट का निर्माण कालीन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इसका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब इसे नोएडा मार्ट की तर्ज पर नियमित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने मार्ट को देश-विदेश के खरीदारों के लिए स्थायी व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने का आग्रह किया।
संजय गुप्ता ने कहा कि इससे भदोही के लाखों बुनकरों, कारीगरों, निर्माताओं और निर्यातकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र को वैश्विक हस्तनिर्मित कालीन व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूती मिलेगी। 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो को भदोही के समृद्ध कालीन उद्योग, पारंपरिक हस्तशिल्प और वैश्विक व्यापारिक क्षमता को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया गया।






