पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में लेगी हिस्सा; कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
रिपोर्ट : अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला कबड्डी टीम रविवार देर शाम पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बिलासपुर, छत्तीसगढ़ रवाना हुई। रवाना होने से पहले विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।
इस दौरान कुलपति ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कुलपति ने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय की महिला खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से विश्वविद्यालय और जौनपुर का नाम रोशन करेंगी। टीम के रवाना होने के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया। टीम का लक्ष्य प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय के लिए पदक हासिल करना है।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव, प्रो. गिरिधर मिश्र, राधेश्याम सिंह, रजनीश सिंह, प्रशिक्षक विजय प्रकाश सहित खेलकूद विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय परिवार ने टीम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।





