14 वर्षीय किशोरी बरामद, चोलापुर के कपिसा मोड़ से हुई गिरफ्तारी; पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में दर्ज है मुकदमा
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। थाना चोलापुर पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुमशुदा एवं अपहृता की बरामदगी तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त 2026 को सुबह करीब 6:40 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चोलापुर थाना क्षेत्र के कपिसा मोड़ से विशेष राजभर पुत्र छोटेलाल राजभर, निवासी ग्राम खुटहां, थाना चोलापुर, वाराणसी को गिरफ्तार किया गया।
मामले में 10 अगस्त 2026 को किशोरी की मां ने थाना चोलापुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी करीब 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में मु.अ.सं. 0324/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धारा में अभियोग पंजीकृत है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपहृता/गुमशुदा की बरामदगी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई की गई।
अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं किशोरी की बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सधुबन राम गौतम, उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल लालजीत सरोज और कांस्टेबल जितेन्द्र सरोज शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।





