विभिन्न संस्थाओं की बहनों और छात्राओं ने 95 बटालियन के जवानों को बांधी राखी, घर-परिवार से दूर जवानों को मिला अपनत्व का एहसास
रिपोर्ट: विवेक राय
SHREE 7NEWS, वाराणसी। 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, पहाड़िया स्थित मुख्यालय में बुधवार, 26 अगस्त 2025 को रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, क्लबों और विद्यालयों से आई बहनों एवं छात्राओं ने सीआरपीएफ जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने रक्षाबंधन समारोह का शुभारंभ किया और उपस्थित अधिकारियों, जवानों, छात्राओं तथा विभिन्न संस्थाओं से आए प्रतिभागियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
95 बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने कहा कि सीआरपीएफ के जवान अपने घर और परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य उन्हें यह एहसास कराना है कि उनका परिवार उनसे दूर नहीं है और समाज उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं की बहनों ने मुख्यालय में आकर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया, जिससे परिसर में घर-परिवार जैसा माहौल बन गया। इस भावुक अवसर पर कमांडेंट की आंखें भी नम हो गईं।
रक्षाबंधन समारोह के दौरान बहनों ने सीआरपीएफ जवानों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनका मुंह मीठा कराया। इसके बाद जवान भाइयों की कलाइयों पर रंग-बिरंगी राखियां बांधकर उनके प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट किया। जवानों ने भी बहनों को सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक सीआरपीएफ जवानों को रक्षा सूत्र बांधा गया। भावनात्मक क्षणों के बीच कई जवानों की आंखें भर आईं।
रक्षाबंधन कार्यक्रम में डायनेमिक स्कूल, संत अतुलानंद रेजिडेंशियल स्कूल, लायन्स क्लब वाराणसी, लीला फाउंडेशन क्लब, ब्रह्माकुमारी संस्था सहित अन्य संस्थाओं की बहनों एवं छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में 95 बटालियन की श्रीमती सुनीता देवी, कुमारी रिंकू, माधवी सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी आलोक कुमार, उपकमांडेंट नवनीत कुमार तथा सहायक कमांडेंट अभिषेक सिंह सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
संत अतुलानंद रेजिडेंशियल स्कूल की श्रीमती किरण सिंह एवं छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से ब्रह्माकुमारी तपोसी जी, राधिका जी तथा अन्य बच्चियों और छात्राओं ने भी जवानों को राखी बांधी।
रक्षाबंधन के इस आयोजन ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों और समाज के बीच आत्मीयता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जवानों को अपने परिवार की याद भी आई और उन्हें समाज के स्नेह एवं सम्मान का भावनात्मक अनुभव हुआ।




