जीवा इंटरनेशनल स्कूल में गायन-वादन प्रतियोगिता, छात्र-छात्राओं ने दी शास्त्रीय एवं लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां
रिपोर्ट : विवेक राय
मिर्जामुराद (वाराणसी)। सेवापुरी ब्लॉक के खालिसपुर गांव स्थित जीवा इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के तहत गायन एवं वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रबंधक विनोद तिवारी ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में संजीव सिंह गौतम ने कहा कि काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव काशी की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने के साथ ही नई पीढ़ी को लोक कला एवं संगीत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का मंच मिलता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शास्त्रीय गायन, लोकगीत, तबला वादन और हारमोनियम वादन की प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों की सुर, ताल और लय से सजी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधक विनोद तिवारी ने अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में कला एवं संस्कृति की महत्वपूर्ण भूमिका है और विद्यालय स्तर पर ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नेता अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, अमित सिंह ‘पीयूष’, शिवशंकर राय, अध्यापक राजेश कुमार सिंह, तेज बहादुर शुक्ला, प्रदीप मिश्रा, राम कुमार अवस्थी, श्याम किशोर ओझा, राहुल पाठक, प्रभाकर सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




