पुलिस सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर वाराणसी में जुटे बैचमेट, पुराने संस्मरणों और गीत-संगीत से सजा समारोह
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस के 2001 बैच के उप निरीक्षकों ने पुलिस सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वाराणसी में सिल्वर जुबली समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस की अलग-अलग इकाइयों में तैनात बैच के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इनमें कई अधिकारी वर्तमान में निरीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
समारोह में वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़ और जौनपुर समेत प्रयागराज जोन के विभिन्न जनपदों से पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की। इसके अलावा एसटीएफ, एटीएस, विजिलेंस, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन, एंटी करप्शन, स्पेशल ब्रांच और अभिसूचना इकाई में तैनात 2001 बैच के अधिकारी भी समारोह में पहुंचे।
लंबे समय बाद एक साथ मिले बैचमेट्स ने एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात के दौरान सेवा काल से जुड़ी पुरानी यादें और संस्मरण साझा किए गए। कई साथी वर्षों बाद अपने सहकर्मियों से मिलकर भावुक नजर आए।
समारोह में गीत-संगीत, शायरी और संस्मरणों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस दौरान पुलिस सेवा के दौरान साथ बिताए गए विभिन्न अवसरों को याद करते हुए बैचमेट्स ने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान 2001 बैच के दिवंगत साथियों की स्मृति में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद केक काटकर पुलिस सेवा के 25 वर्ष पूरे होने की खुशी मनाई गई।
समारोह में शामिल सभी बैचमेट्स को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने पुराने साथियों के बीच आपसी जुड़ाव और आत्मीयता को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ मिश्रा, इंस्पेक्टर सुनील वर्मा, अमित श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह और विनय मोहन पाठक ने बारी-बारी से किया। समारोह में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 25 वर्षों की सेवा यात्रा को याद करते हुए आयोजन को विशेष और यादगार बताया।




