सारनाथ पुलिस की कार्रवाई; हृदयपुर अंडरपास से दबोचे गए दोनों अभियुक्त, चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त की सूचना पर हुई दबिश
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। अपराध एवं चोरी-लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के कब्जे से चोरी के 14 मोबाइल फोन और 48,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपियों को बुधवार की रात करीब 12:14 बजे हृदयपुर अंडरपास के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन राजभर (24), निवासी बेनीपुर, थाना सारनाथ तथा अविनाश दीक्षित (31), निवासी अशोक बिहार कॉलोनी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को सारनाथ पुलिस टीम ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सतया चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हृदयपुर अंडरपास के पास कुछ लोग चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त के लिए एकत्र हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हृदयपुर अंडरपास के पास पहुंचकर दबिश दी। मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, उनके पास से 14 मोबाइल फोन और 48,100 रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सारनाथ में मु0अ0सं0 0481/2026, धारा 317(2), 317(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध की रोकथाम एवं चोरी, लूट और छिनैती की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में सारनाथ पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।




