मंडुवाडीह पुलिस ने बीएलडब्ल्यू नाथू गेट के पास दबोचा, गिफ्ट आइटम, क्रीम, कपड़े और 5,330 रुपये मिले
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। मंडुवाडीह पुलिस ने दुकानों में चोरी की घटना के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से विभिन्न दुकानों से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद हुई है। गिरफ्तारी 15 सितंबर 2026 की रात करीब 8:40 बजे बीएलडब्ल्यू परिसर स्थित नाथू गेट के पास से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पटेल उर्फ बल्लू (26), निवासी जलालीपट्टी, थाना मंडुवाडीह, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके पास से विभिन्न कंपनियों के गिफ्ट आइटम, अलग-अलग ब्रांड की क्रीम, 10 लोवर, आठ पैकेट बैलून और 5,330 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को वादी ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर पश्चिमी बाजार स्थित कई दुकानों से अज्ञात व्यक्ति द्वारा सामान और नकदी चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बीएलडब्ल्यू नाथू गेट के पास से पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 323/2026, धारा 305ए, 331(4) और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक विशाल कुमार सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यदि किसी अन्य आरोपी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।




