लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस व सर्विलांस सेल की कार्रवाई; दो चेन, दो मोबाइल, 27 हजार रुपये और स्कॉर्पियो बरामद
रिपोर्ट : विवेक राय
वाराणसी। लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने चैन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की दो चेन, दो मोबाइल फोन, 27 हजार रुपये नकद और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। तीनों की गिरफ्तारी 16 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8:40 बजे आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड के पास से की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में वांछित अभियुक्त वैजनाथ उर्फ बैजू (50) पुत्र नियम्बर, निवासी ग्राम फरसार, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर शामिल है। उसके साथ दो अन्य अभियुक्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को एक महिला ने लालपुर-पाण्डेयपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि वह काली माला मंदिर के पास से एक ऑटो में बैठी थी, जिसमें पहले से तीन अज्ञात महिलाएं मौजूद थीं। आरोप है कि इन महिलाओं ने उसका ध्यान भटकाकर उसकी चेन चोरी कर ली।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना उप निरीक्षक रोशन कुमार द्वारा की जा रही है।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड के पास दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 0286/2026, धारा 304(2), 317(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी के आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।




