सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से हुई गिरफ्तारी, सामने घाट पुल के नीचे से पकड़ा गया आरोपी
रिपोर्ट : वीरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। लंका थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विकास कुमार गुप्ता (26) पुत्र रामायण गुप्ता, निवासी सालारपुर पंचकोषी, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 की रात 10:55 बजे पुलिस टीम ने उसे सामने घाट-लंका पुल के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का संबंध थाना लंका में दर्ज मु0अ0सं0 467/2026, धारा 117(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 466/2026, धारा 303(2)/117(2) बीएनएस से है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है। इनमें पैशन प्रो काले रंग की, महिंद्रा सेंट्रो काले रंग की, स्पेल्डर काले रंग की और एक पैशन प्रो शामिल है।
पुलिस के अनुसार विकास कुमार गुप्ता का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना जैतपुरा में मु0अ0सं0 81/2025, धारा 303(2)/117(2) बीएनएस का मामला दर्ज है। इसके अलावा थाना लंका में दर्ज दोनों मुकदमों को भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी (चौकी प्रभारी बीएचयू), उपनिरीक्षक शिवाकान्त शर्मा, हेड कांस्टेबल मनोज सिंह तथा हेड कांस्टेबल अच्छेलाल शामिल रहे। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




