बंद फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, लाखों की नकदी और जुआ खेलने का सामान मिलने का दावा
विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने जुए के एक बड़े फड़ पर छापेमारी की। अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत SOG-2 और सिगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने डीसीपी गोमती/डीसीपी क्राइम नीतू कादयान के नेतृत्व में कुबेर कांप्लेक्स के सामने स्थित एक फ्लैट में कार्रवाई की।
बताया गया कि पुलिस के पहुंचने के समय फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। टीम ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर फ्लैट में प्रवेश किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद करीब 47 लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है। इनमें महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार फ्लैट में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये की नकदी और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस ने बरामद रकम और सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में प्रभात कुमार रस्तोगी के मकान के भूतल में जुए का फड़ संचालित होने की बात सामने आई है। वहीं, फड़ में सत्ताधारी दल से जुड़े जनप्रतिनिधियों के करीबी बताए जाने वाले लोगों की मौजूदगी संबंधी चर्चा भी है। हालांकि इन दावों की वास्तविकता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के जरिए पुलिस फड़ के संचालक, रकम के स्रोत और जुए से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संबंधित लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




