अपराध की प्रवृत्ति और सक्रिय अपराधियों पर रखें पैनी नजर, वांछित व वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी के निर्देश
रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को जनपद के सभी थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति तथा अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में वांछित, वारंटी और इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों से कहा गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखें और अपराध की घटनाओं पर प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
एसएसपी ने थाना स्तर पर अपराधों का नियमित और व्यवस्थित अभिलेखीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में घटित अपराधों की जानकारी के आधार पर अपराध डायरी तैयार की जाए, ताकि अपराध की प्रवृत्ति, सक्रिय अपराधियों और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
समीक्षा बैठक के दौरान थाना स्तर पर अपराधों की वर्तमान स्थिति और अपराधियों के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई की भी जानकारी ली गई। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता के साथ प्रभावी कार्रवाई की जाए और किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता का उद्देश्य केवल अपराधियों पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना भी है। इसके लिए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी रखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्वों के निर्वहन में पूरी गंभीरता बरती जाए तथा थाना क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।




