‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में विधायक ने किया विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चोलापुर ब्लॉक परिसर में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अजगरा त्रिभुवन राम ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक त्रिभुवन राम ने परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का केंद्रबिंदु समाज का अंतिम व्यक्ति है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम इसी संकल्प को धरातल पर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि जनता की सेवा जनप्रतिनिधि के रूप में केवल दायित्व नहीं, बल्कि संकल्प है। गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना, उनका समाधान कराना तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
विधायक ने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ सरकार एवं संगठन मिलकर समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख त्रिभुवन नारायण सिंह, बीडीओ चोलापुर राजेश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह, सुभाष सिंह, मनोज मानव, हीरू सिंह सहित अनेक ग्रामप्रधान, अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




