‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के जरिए पीएम मोदी के 25 वर्षों की सेवा गाथा जनता तक पहुंचाएगी भाजपा
रिपोर्ट विवेक राय
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत वाराणसी जिले में कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक जिले की प्रत्येक विधानसभा में 28 प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक तथा एक स्थान पर नाट्य मंचन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल के दिशा-निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों की जानकारी मंगलवार को वाराणसी सर्किट हाउस सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में दी गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सांस्कृतिक एवं वैचारिक कार्यक्रमों के लिए नुक्कड़ नाटक मंडलियां बाजारों, चौराहों, हाट-बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुतियां देंगी। नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री के बचपन से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके संघर्ष, गरीब कल्याण की योजनाओं, काशी के विकास, स्वच्छता अभियान, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।
पार्टी की ओर से सभी मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्धारित समय पर सभी 28 स्थानों पर उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों के अलावा स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, दिव्यांग सहायता शिविर और बुद्धिजीवी सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रेसवार्ता में जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, संजय सोनकर, जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह ‘मिंटू’, अमित पटेल ‘रिंकू’ तथा मीडिया से अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’ मौजूद रहे।




