पूर्व विधायक स्व. अमरनाथ दुबे की स्मृति में आयोजित हुआ शिविर, शिक्षकों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने किया रक्तदान
रिपोर्ट विवेक राय
कठिरांव (वाराणसी)। पूर्व विधायक स्व. अमरनाथ दुबे की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को श्री सरयू प्रसाद इंटर कॉलेज, कठिरांव के परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अभ्युदय सेवा समिति एवं नीफा (NIFAA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 18 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. अमरनाथ दुबे के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद हरशंकरानन्द जी ब्लड एंड कंपोनेंट बैंक की मेडिकल टीम के सहयोग से रक्तदान प्रक्रिया शुरू हुई। विद्यालय के शिक्षक, युवाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने रक्तदान कर इस मानवीय पहल में सहभागिता की।
शिविर में उपस्थित अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर रक्तदान जैसे सामाजिक सेवा कार्यों में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. अवधेश सिंह, एसडीएम पिंडरा कुंदन राज कपूर, ब्लॉक प्रमुख संरक्षक रवि शंकर सिंह, विपिन पाठक, नंदलाल त्रिपाठी, दिलीप दुबे, संदीप दुबे, अमित दुबे, सिंटू पांडेय, अनुराग सिंह, सुधीर सिंह, अमिताभ दुबे, मनीष पाठक, धर्मेंद्र सिंह प्रमुख पिंडरा, शाहिद शेख, संतोष सिंह अनुपम सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधक डॉ. आदित्य दुबे ने रक्तदान शिविर में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, मेडिकल टीम, शिक्षकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।




