सेवा संकल्प अभियान के तहत चक्रपानपुर के निःशुल्क शिक्षण केंद्र में आयोजित हुआ कार्यक्रम
रिपोर्ट : विवेक राय
मिर्जामुराद (वाराणसी)। आराजी लाइन ब्लॉक के चक्रपानपुर गांव में सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट की ओर से संचालित निःशुल्क शिक्षण केंद्र ‘आशा सामाजिक शिक्षण केंद्र’ में शनिवार देर शाम सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने केंद्र पर अध्ययनरत गरीब बच्चों और बच्चियों को कॉपी, पेन एवं चॉकलेट वितरित की। शिक्षण सामग्री मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने आशा ट्रस्ट के संयोजक अमित राजभर के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गांव के गरीब और वंचित बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज के अन्य लोगों को भी ऐसे सेवा कार्यों से प्रेरणा लेकर जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर भाजपा परिवार उनकी मदद के लिए उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम, जिला मंत्री सुरेंद्र बिंद, मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ‘सुमित’, जिला प्रतिनिधि सुनील मिश्रा, भाजपा नेता अमित सिंह ‘पीयूष’, किशन सिंह, जतिन मौर्या सहित शिक्षण केंद्र के अध्यापक लालमणि, अमृता, आंचल पटेल तथा अन्य ग्रामीण और बच्चे मौजूद रहे।




