गरथौली के पास हादसे में दो अन्य को आई मामूली चोटें, सड़क किनारे पड़ी मिट्टी हटाने की मांग
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। क्षेत्र के गरथौली गांव के समीप गौरीगंज चौराहे पर रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गरथौली निवासी 18 वर्षीय मोहित गिरी पुत्र मुनीब गिरी उर्फ पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, मोहित गिरी मोटरसाइकिल से गौरीगंज चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पंडरा निवासी युवकों की मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय एक बाइक सवार मोबाइल पर वीडियो कॉल के जरिए बात कर रहा था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे संजय यादव, ओमप्रकाश चौबे, अतुल पाल समेत स्थानीय लोगों ने घायलों को सड़क से सुरक्षित किनारे पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। एंबुलेंस के पहुंचने तक स्थानीय लोग घायलों की मदद में जुटे रहे। बाद में परिजनों के पहुंचने पर गंभीर रूप से घायल मोहित गिरी को उपचार के लिए निजी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे नाली निर्माण का कार्य चल रहा है और निर्माण से निकली मिट्टी का कुछ हिस्सा सड़क के किनारे पड़ा हुआ है। इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने पर सड़क किनारे पड़ी मिट्टी वाहन चालकों को स्पष्ट दिखाई नहीं देती, जिससे आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी एवं संबंधित विभाग से सड़क किनारे पड़ी मिट्टी को हटवाने, साफ-सफाई कराने तथा आवागमन को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर यातायात की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।




