पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय झौआ में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
रिपोर्ट आनंदरत्न उपाध्याय
वाराणसी। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ के तहत विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ‘स्वच्छ पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पावरग्रिड के वाराणसी उपकेंद्र की ओर से 28 सितंबर 2026 को पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय, झौआ, औराई, भदोही में स्वच्छता विषय पर चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में विद्यालय के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पावरग्रिड के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक राजकुमार, उप महाप्रबंधक आलोक जायसवाल एवं आलोक कुमार, श्रीमती गीतांजली वर्मा तथा विद्यालय के प्राचार्य अमित आर्य ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर विद्यालय को स्वच्छता व्यवस्था के लिए डस्टबिन भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार गुप्ता, कनिष्ठ अधिकारी (मानव संसाधन) ने किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने के लिए सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया।




