मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा में 88 प्रतिशत प्रगति पर जताई नाराजगी, दिसंबर तक निर्माणाधीन परियोजनाएं पूरी कराने के निर्देश
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
वाराणसी। सचिव नियोजन एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या तथा जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने योजनाओं की प्रगति, लक्ष्यपूर्ति और निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर समयबद्ध कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बी, सी और डी श्रेणी की योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। फैमिली आईडी की प्रगति 88 प्रतिशत मिलने पर उन्होंने इसे शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। हर घर नल जल योजना के लिए माइक्रोप्लान तैयार कर कार्य समय से पूरा कराने और जल जीवन मिशन के घरेलू नल कनेक्शनों के आंकड़े नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करने को कहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तैयारियां पूरी करने तथा जननी सुरक्षा योजना में समय से शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डॉ. राजशेखर ने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्ति अभियान तेज करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को सड़कों का चिह्नांकन कर एक अक्टूबर से पैचवर्क और विशेष मरम्मत अभियान चलाने के निर्देश दिए। नगर निगम को भी चिह्नित सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने को कहा गया।
उन्होंने विभिन्न विभागों की निर्माणाधीन परियोजनाओं को दिसंबर तक पूरा कराने तथा उनकी भौतिक एवं वित्तीय प्रगति समय से सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




