राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर मंडलीय जिला अस्पताल में आयोजन, रक्तवीरों का हुआ सम्मान
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
मीरजापुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार, 30 सितंबर को श्री साईं परिवार सेवा संगठन की ओर से मंडलीय जिला अस्पताल में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस शिविर में युवाओं के साथ संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक अध्यक्ष शुभम कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन अमित गुप्ता ने किया। शिविर में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा काशी प्रांत के क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी शामिल हुए। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष शुभम गुप्ता और ब्लड बैंक के पीआरओ राम कुमार गुप्ता ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्याधर तिवारी ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए शिविर में भाग लेने वाले रक्तदाताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है और युवाओं की इस तरह की भागीदारी समाज में सेवा भावना को मजबूत करती है।
शिविर में संस्था से जुड़े सदस्यों और युवाओं ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। आयोजकों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।






