न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में सनशाइन एकेडमी चौबेपुर दूसरे और कंपोजिट विद्यालय बर्थरा खुर्द तीसरे स्थान पर; विजेता टीमों को मिले गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल
रिपोर्ट : विवेक राय
चौबेपुर (वाराणसी)। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत न्याय पंचायत चौबेपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर परिसर में न्याय पंचायत स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। ‘विकसित भारत 2047’ की थीम पर हुई प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र महिला मोर्चा भाजपा की महामंत्री इंजीनियर अपराजिता सोनकर, विशिष्ट अतिथि उप जिलाधिकारी डॉ. अंजली सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज तथा भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शारदा चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से विकसित भारत 2047 की संकल्पना को आकर्षक ढंग से उकेरा। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय चौबेपुर प्रथम, सनशाइन एकेडमी चौबेपुर द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय बर्थरा खुर्द तृतीय स्थान पर रहे। विजेता टीमों को क्रमशः गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अपराजिता सोनकर ने कहा कि बच्चे ही विकसित भारत के भविष्य के कर्णधार हैं। वहीं डॉ. अंजली सिंह ने ऐसी प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन भारतीश मिश्र ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक दुर्गेश चौबे ने किया।






