महंत स्वामी राधारमण दास जी महाराज ने सुनाई भगवान की लीलाएं, राधे-राधे के जयकारों से गूंजा कथा पंडाल
रिपोर्ट विवेक राय
रामेश्वर (वाराणसी)। पंचक्रोशी यात्रा के तीसरे तीर्थ पड़ाव रामेश्वर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में चल रही श्रीकृष्ण कथा के दौरान गुरुवार को महंत स्वामी राधारमण दास जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
स्वामी राधारमण दास जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला में मानव कल्याण का संदेश निहित है। माखन चोरी लीला, कालिया नाग दमन और गोवर्धन पर्वत धारण करने जैसे प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने भक्तों को भगवान की महिमा से परिचित कराया। महाराज जी ने कहा कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए हर युग में अवतार लेते हैं।
कथा के दौरान जब महंत जी ने श्रीकृष्ण-राधा के दिव्य प्रेम प्रसंग और महारास लीला का वर्णन किया, तो कथा पंडाल ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति भाव में झूमने लगे। मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों ने कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
इस अवसर पर राजबली त्रिपाठी, रामजी तिवारी, भुल्लन यादव, नरेंद्र सिंह, रामगोपाल चौरसिया, देवेंद्र पांडेय, लालजी माली, ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह यादव, राकेश त्रिपाठी, गुलाब यादव भगत जी, संजय त्रिपाठी, अक्षय यादव, श्याम कुमार यादव, नकछेद यादव, तूफानी विश्वकर्मा, सुभाष विश्वकर्मा, बुद्धू पाल और लालमन पाल सहित सैकड़ों पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक श्रीकृष्ण कथा का रसपान किया।




