संजीव सिंह गौतम को भेजा संवेदना पत्र, कहा— उनका सार्वजनिक जीवन और योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
रिपोर्ट : विवेक राय
मिर्जामुराद (वाराणसी)। भारतीय जनता पार्टी वाराणसी जिले के महामंत्री संजीव सिंह गौतम के बड़े पिता, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सुरेश सिंह गौतम के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से 9 अक्टूबर को संजीव सिंह गौतम को संवेदना पत्र भेजकर दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रधानमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुरेश सिंह गौतम ने कई दशकों तक सार्वजनिक जीवन में विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। वाराणसी समेत अनेक स्थानों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को उनसे जोड़ने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुरेश सिंह गौतम के निधन से परिवार को हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई करना संभव नहीं है। उनके जाने से परिजनों के जीवन में जो खालीपन आया है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। भले ही वे आज सशरीर हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृतियां, विचार और जीवन-मूल्य सदैव परिवार के साथ बने रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति, धैर्य और साहस दें। प्रधानमंत्री की ओर से संवेदना पत्र मिलने पर स्वर्गीय सुरेश सिंह गौतम के योगदान और उनके सार्वजनिक जीवन की चर्चा क्षेत्र में हो रही है।




