नवरात्र के अवसर पर कंपोजिट विद्यालय की पहल, बैनर लेकर गांव में निकलीं छात्राएं
रिपोर्ट: विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। नारी स्वावलंबन, महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से नवरात्र के अवसर पर कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा की ओर से मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली में विद्यालय की छात्राओं और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा ग्राम पंचायत सोनबरसा में भ्रमण कर लोगों को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।
छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर लेकर ग्रामीणों को महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इस दौरान महिलाओं को सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें स्वावलंबी बनाने तथा बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया गया।
मिशन शक्ति के माध्यम से छात्राओं ने समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सविता सक्सेना के साथ अवनीश पाठक, आरती गौतम, आशा यादव, पल्ली मिश्रा, संध्या, सुधा, नीतू, सविता और नीलम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




