
कैथी घाट पर स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, दर्शन से पहले घटी दर्दनाक घटना
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। मारकण्डेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के इरादे से आए एक युवक की सोमवार को कैथी घाट पर स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई। गहरे पानी में चले जाने और तेज बहाव के कारण युवक डूब गया। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिनव मद्धेशिया (पुत्र वीरेंद्र मद्धेशिया) निवासी कोतवाली थाना, जनपद मऊ के रूप में हुई है। वह दोपहर करीब डेढ़ बजे मारकण्डेय महादेव के दर्शन के लिए कैथी घाट पहुंचा था। दर्शन से पहले स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और बहाव में बह गया।
घटना के समय घाट पर मौजूद लोगों ने जब युवक को पानी में गायब देखा तो शोर मचाया। नाविकों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कैथी पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार तथा चौबेपुर थाना प्रभारी अजित कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से करीब डेढ़ घंटे बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद घाट पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल व्याप्त हो गया।