
रेलवे सामग्री प्रबंधन में दो दशकों का अनुभव, रक्षा मंत्रालय में भी निभाई अहम भूमिका
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल को सोमवार को नया मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मिला। आशीष जैन ने दिनांक 28 जुलाई 2025 को वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली में मुख्य सामग्री प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
भारतीय रेलवे भंडार सेवा (IRSS) के 1995 बैच के अधिकारी श्री जैन ने सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने अपने रेलवे करियर की शुरुआत 1997 में पश्चिम रेलवे, अजमेर से सहायक मंडल सामग्री प्रबंधक के रूप में की थी। इसके बाद वे वडोदरा, मुंबई, रायपुर, नई दिल्ली सहित कई प्रमुख मंडलों एवं रेलवे जोनों में वरिष्ठ सामग्री प्रबंधक, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक और मुख्य सामग्री प्रबंधक के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं।
रेल मंत्रालय के बाहर भी उनकी प्रशासनिक क्षमता की सराहना की गई। श्री जैन ने रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर निदेशक (आईसी) के पद पर पांच वर्षों तक सेवा दी और महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल संचालन किया। इसके अलावा वे उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, रेलवे बोर्ड में डायरेक्टर रेलवे स्टोर (A) तथा नई दिल्ली स्थित केंद्रीय आधुनिकीकरण संगठन (COFMOW) में मुख्य सामग्री प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
रेलवे सामग्रियों के प्रबंधन एवं सामान्य प्रशासन में उनका व्यापक अनुभव रहा है। अपने व्यवहार, कार्यशैली एवं नेतृत्व क्षमता के चलते वे रेल अधिकारियों व कर्मचारियों में समान रूप से लोकप्रिय माने जाते हैं। वाराणसी मंडल में उनके आगमन से रेलवे प्रशासन की कार्यक्षमता और संसाधन प्रबंधन को नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है।