
ग्राम प्रधान परमानंद गिरि के संयोजन में आयोजित हुआ सेवा कार्यक्रम
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। श्रावण मास के पावन अवसर पर चौबेपुर विकासखंड के बीकापुर गांव में बुधवार को एक सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बारिश से बचाव हेतु सैकड़ों जरूरतमंद ग्रामीणों को छाते वितरित किए गए। यह कार्यक्रम ग्राम प्रधान परमानंद गिरि के आवास पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चिरईगांव प्रधान संघ अध्यक्ष संजीव सिंह ने की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास सेवा, भक्ति और सहयोग का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से न केवल जरूरतमंदों को राहत मिलती है, बल्कि समाज में आपसी सद्भाव और एकता को भी मजबूती मिलती है।
छाता वितरण के इस सेवा कार्य में गांव के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से आकाश जायसवाल, मनोज तिवारी, सहदेव तिवारी, सुरेश सिंह, सुदर्शन दुबे, जितेंद्र यादव, सुनील और गजानंद सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।
ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज के कमजोर वर्गों के लिए बेहद सहायक सिद्ध होते हैं।