माँ धुरेश्वरी मंदिर की दान पेटी गायब, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
चोलापुर (वाराणसी)। ग्रामसभा टेकारी स्थित प्राचीन माँ धुरेश्वरी मंदिर में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने दान पेटी चोरी कर ली। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मंदिर के पुजारी मेवादास पूजा करने पहुंचे तो दान पेटी नदारद देख हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर पर जुट गए और 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी गई। चोलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर चोरी होना न केवल धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ है बल्कि क्षेत्र में चोरों के बढ़ते मनोबल को भी दिखाता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर दान पेटी बरामद करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




