अपार्टमेंट में शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या, तीन घंटे में आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (भेलूपुर)। मामूली-सा पार्किंग विवाद शुक्रवार देर रात खौफनाक वारदात में बदल गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के मातृछाया अपार्टमेंट में निजी स्कूल के शिक्षक प्रवीण कुमार झा (45 वर्ष) की ईंट और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई और अपार्टमेंट निवासी सहम गए।
जानकारी के अनुसार, पार्किंग को लेकर प्रवीण कुमार झा और अपार्टमेंट निवासी आदर्श सिंह, जो एक निजी कंपनी में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) हैं, के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो आदर्श सिंह ने अपने दो दोस्तों करण गौड़ और सतीश पटेल को चंदौली से बुलाया। देर रात तीनों ने मिलकर शिक्षक पर बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी भेलूपुर के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज तीन घंटे में ही तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
एडीसीपी काशी जोन सरवण टी ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या की घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और सभी अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
इस घटना के बाद अपार्टमेंट और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि मामूली विवाद पर हुई इस निर्मम हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




