प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में आज से प्रथम सत्रीय परीक्षाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 की प्रथम सत्रीय परीक्षाएं सोमवार 25 अगस्त से शुरू हो रही हैं। परीक्षा 30 अगस्त तक आयोजित की जाएगी।
शुरुआत में यह परीक्षा 18 से 23 अगस्त के बीच कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन विद्यालयों के विलय की प्रक्रिया में समय लगने के कारण कार्यक्रम में संशोधन किया गया।
परीक्षा के साथ ही शिक्षकों पर अतिरिक्त जिम्मेदारियों का बोझ भी है। एक ओर उन्हें बीएलओ की ड्यूटी निभानी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर राज्य शैक्षिक एवं अनुसंधान परिषद (एससीईआरटी) की ओर से मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) की ट्रेनिंग भी कराई जा रही है।
शिक्षक संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। ऐसे में बीएलओ ड्यूटी लगाना छात्रों की पढ़ाई और परीक्षाओं पर असर डाल सकता है।






