डॉक्टर को धमकी देने के मामले में विधायक बेदीराम पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
गाजीपुर । नेशनल इक्वल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशिप्रताप सिंह ने जखनियां विधायक बेदीराम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि विधायक ने गाजीपुर के सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर योगेंद्र यादव से जातिसूचक सवाल पूछते हुए अभद्र व्यवहार किया और नौकरी से हटवाने की धमकी दी।
सिंह ने कहा कि विधायक की हरकत से अस्पताल का माहौल बिगड़ा और करीब पांच घंटे तक कामकाज प्रभावित रहा। यह आचरण न केवल सरकारी कार्य में बाधा डालने वाला है, बल्कि अपराध की श्रेणी में भी आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक पूर्व में भी कई विवादों में घिरे रहे हैं, जिनमें पेपर लीक प्रकरण प्रमुख है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर भगवान का रूप माने जाते हैं और उनका कार्य मानव जीवन को बचाना होता है। किसी भी जनप्रतिनिधि को उन्हें धमकाने या अपमानित करने का अधिकार नहीं है। ऐसे में विधायक के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए।




