जिलाधिकारी ने बाढ़ राहत शिविरों का किया औचक निरीक्षण
वाराणसी। नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय सरैंया और सलारपुर स्थित बाढ़ राहत शिविरों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद और नायब तहसीलदार से हालात की जानकारी ली। सरैंया शिविर में अधिकारियों ने बताया कि शाम तक निचले इलाकों के कुछ लोगों के पहुंचने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने नगर निगम व संबंधित विभागों को राहत शिविर परिसर और शौचालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटीलार्वा का छिड़काव व फॉगिंग कराते रहने के निर्देश दिए।
सलारपुर शिविर निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति जानी और विद्यालय में चल रही पठन-पाठन गतिविधियों का भी अवलोकन किया। इसके अलावा सलारपुर वार्ड के निचले इलाके में पहुंचकर हाल ही में आए बाढ़ के पानी की स्थिति देखी।
निरीक्षण के समय एडीएम एफआर वंदिता श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार, नगर निगम व अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।




