सारनाथ हत्याकांड: असलहा सप्लाई करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
वाराणसी। सारनाथ में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या में शामिल शूटरों को असलहा उपलब्ध कराने वाले बदमाश को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि हत्या की साजिश में शामिल शूटरों को हथियार उपलब्ध कराने वाला आरोपी मुकीम फरीदपुर क्षेत्र में रुपये लेने आने वाला है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही मुकीम ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से उसे दबोच लिया गया।
डीसीपी ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में सामने आया है कि कॉलोनाइजर की हत्या पैसे के लेन-देन के विवाद को लेकर कराई गई थी। इसी क्रम में पुलिस ने महेंद्र गौतम के पुराने साझेदार रहे प्रॉपर्टी डीलरों से भी पूछताछ की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।




